दुमका, 22 जून (Udaipur Kiran) ।भाजपा जिला इकाई की संगठनात्मक बैठक रविवार को अग्रसेन भवन में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उपस्थित रहे। साथ में राज्य के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद, पूर्व सांसद सुनील सोरेन एवं दुमका जिला चुनाव अधिकारी प्रकाश सेठ मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने किया। इस अवसर पर जिला एवं मंडल पदाधिकारी, सभी मोर्चों के अध्यक्ष, महामंत्री, मंडल अध्यक्ष, पूर्व प्रत्याशी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण एवं जनसंपर्क को लेकर विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने संगठन विस्तार की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। आगामी 24 जून को भाजपा दुमका जिला के प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में आक्रोश प्रदर्शन आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। इससे राज्य सरकार की विफलताओं के खिलाफ जनभावनाओं को मुखर किया जा सके।
साथ ही 30 जून को वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती को जिले भर में धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। इसमें पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय जनता व्यापक रूप से भाग लेंगे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री मरांडी ने कहा कि भाजपा का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। हर कार्यकर्ता को जनसेवा के संकल्प के साथ समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और विपक्ष के झूठे प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य परितोष सोरेन, सुरेश मुर्मू, डॉ अंजुला मुर्मू, अमिता रक्षित, शर्मिला सोरेन, अमरेंद्र सिंह, महामंत्री मनोज पांडे, पवन केसरी, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद सिंह बिट्टू, दीपक स्वर्णकार जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू आदि उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / नीरज कुमार