Next Story
Newszop

प्रेग्नेंसी में ज्यादा उल्टियां बन सकती हैं मिसकैरिज की वजह, जानें कब तुरंत भागे डॉक्टर के पास

Send Push
आमतौर पर कुछ महिलाओं को प्रेग्नेंसी की शुरुआत, यानी पहले ट्राइमेस्टर में उल्टियां (मॉर्निंग सिकनेस) होती हैं। यह एक सामान्य स्थिति मानी जाती है, जो हार्मोनल बदलावों के कारण होती है। हालांकि, कुछ महिलाओं में यह समस्या बाद तक भी बनी रह सकती है।



लेकिन कई बार अत्यधिक मतली मां और गर्भ में पल रहे बच्चे दोनें के लिए खतरनाक साबित हो सकती है, तो आइए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर आरिया रैना से जानते हैं कि प्रेग्नेंसी में कब उल्टियां सामान्य होती हैं और किन हालातों में डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए।



डॉक्टर कहती हैं कि अगर प्रेग्नेंट महिला को एक दिन में कम से कम 8 से 10 बार उल्टियां हो रही हैं, तो यह सामान्य नहीं है। साथ ही अगर, आपके डॉक्टर ने आपको दवाइयां दी हों और उनसे थोड़ी देर के लिए राहत मिल रही हो, फिर कुछ समय बाद फिर से मतली या उल्टियां शुरू हो जाती हैं, तो यह स्थिति गंभीर हो सकती है। इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से दोबारा संपर्क करें।



महिला कुछ खा-पी नहीं पा रही हैं तब

डॉक्टर आरिया आगे बताती हैं कि अगर आप लगातार 8 घंटे तक कुछ भी खा-पी नहीं पा रही हैं, तो यह एक गंभीर संकेत (Red Flag) हो सकता है। खासकर तब जब आप पानी पीने की कोशिश कर रही हों और वह भी उल्टी के साथ बाहर निकल जाए। साथ ही, अगर कोई महिला प्रेग्नेंसी के दौरान कुछ भी खा-पी नहीं पा रही है और खड़े होते ही चक्कर आने लगते हैं, तो यह सामान्य स्थिति नहीं है। ऐसी हालत में बिना देर किए तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।







12 घंटे से अधिक यूरिन पास नहीं किया हो



डॉक्टर आगे बताती हैं कि अगर 12 घंटे से अधिक समय हो गया है और आपने एक बार भी यूरिन पास नहीं किया है, तो यह भी खतरे की घंटी है। इन स्थितियों में बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करना बेहद जरूरी है। इसके अलावा, अगर प्री-प्रेग्नेंसी में 5 प्रतिशत से ज्यादा वजन कम हो गया है, तो यह चिंताजनक हो सकता है। इसलिए इस बात का ध्यान रखें।





डिस्क्लेमर: लेख में दी गई जानकारी पूरी तरह इंस्टाग्राम रील पर आधारित है। एनबीटी इसकी सत्यता, सटीकता और असर की जिम्मेदारी नहीं लेता है। यह किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।









Loving Newspoint? Download the app now