Next Story
Newszop

रूस में आया शक्तिशाली 8.7 तीव्रता का भूकंप, अमेरिका-जापान तक महसूस हुआ कंपन; सुनामी अलर्ट जारी

Send Push
रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कामचात्का प्रायद्वीप में बुधवार की सुबह धरती इतनी जोर से हिली कि रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 8.7 मापी गई। यह भूकंप इतना जबरदस्त था कि इसके झटके जापान और अमेरिका जैसे देशों तक महसूस किए गए। रूसी तटों से लेकर प्रशांत महासागर तक असर दिखा और करीब 13 फीट ऊंची सुनामी की लहरें भी दर्ज की गईं। प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।

भूकंप के बाद रूस के आपातकालीन मामलों के मंत्री एलेक्सी लेबेदेव ने निवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के जल स्रोत या समुद्री तट से दूर रहें। अमेरिका की सुनामी चेतावनी एजेंसी ने अगले 3 घंटों में संभावित सुनामी लहरों को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है। इसके मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी हवाई द्वीप समूह और रूस के कुछ तटीय हिस्सों में 10 फीट तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

इस भूकंपीय हलचल का प्रभाव केवल रूस और अमेरिका तक सीमित नहीं रहा। फिलीपीन्स, चूक, कोसरे, मार्शल द्वीप और पलाउ जैसे प्रशांत क्षेत्र के देशों में भी करीब 3 फीट ऊंची लहरें पहुंचने की संभावना जताई गई है। साथ ही दक्षिण कोरिया, उत्तर कोरिया और ताइवान जैसे देशों के तटों पर 1 फीट से अधिक ऊंचाई वाली लहरें दर्ज की जा सकती हैं। जापान के मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि स्थानीय समय अनुसार दोपहर 1 बजे तक 3.28 फीट ऊंची लहरें उनके तटीय क्षेत्रों में पहुंच सकती हैं।

इस बीच, कामचात्का के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने एक वीडियो संदेश में कहा कि, “यह भूकंप अत्यंत शक्तिशाली और गंभीर था।” हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। साखालिन प्रांत के सेवेरो कुरिल्स्क नामक छोटे शहर से निवासियों को एहतियातन बाहर निकाला जा रहा है

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण एजेंसी (USGS) के अनुसार, यह भूकंप पृथ्वी की सतह से लगभग 19.3 किलोमीटर गहराई में आया था। इसका केंद्र पेट्रोपावलोस्क-कामचात्स्की शहर से करीब 125 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा में, आवाचा खाड़ी के निकट था। प्रारंभ में इसकी तीव्रता 8.0 बताई गई थी, लेकिन बाद में इसे संशोधित कर 8.7 कर दिया गया।

चौंकाने वाली बात यह भी है कि इस मुख्य भूकंप के अलावा कामचात्का क्षेत्र में और भी दो झटके दर्ज किए गए। इनमें से एक विल्युचिंक्स शहर से 131 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 6.3 तीव्रता का रहा, जबकि दूसरा पेट्रोपावलोस्क-कामचात्स्की से 147 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 6.9 तीव्रता वाला भूकंप रिकॉर्ड किया गया।

प्राकृतिक आपदाओं की इस शृंखला ने प्रशांत रिंग ऑफ फायर क्षेत्र में बढ़ते भूकंपीय खतरे की गंभीरता को एक बार फिर उजागर कर दिया है। भूकंप और सुनामी के बीच लोगों को तेजी से राहत पहुंचाने का काम जारी है और प्रभावित देशों के प्रशासन उचित सतर्कता और सावधानी बरतने में जुटे हुए हैं।

Loving Newspoint? Download the app now