
- मौसम विभाग ने की चेतावनी
- यूपी में पश्चिमी और तराई हिस्सों में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी
नई दिल्ली/लखनऊ। देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून की सक्रियता ने मौसम को सुहावना बना दिया है। राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में शनिवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई। दिल्ली में मानसून की शुरूआत अपने सामान्य समय से लगभग तीन दिन पहले होने से शहरवासियों को गर्मी से निजात मिली। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।
आईएमडी ने रविवार के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के लिए विस्तृत मौसम पूवार्नुमान जारी किया है। असम, मेघालय, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पंजाब, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी राजस्थान में बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बिहार में रविवार को सात जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, बांका और कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान में भी मानसून की गतिविधियां जोरों पर हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने रविवार सुबह 8:30 बजे एक तात्कालिक चेतावनी जारी की, जिसमें बारां, झालावाड़ और सिरोही जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई। छत्तीसगढ़ में भी मानसून की सक्रियता देखी जा रही है, हालांकि अगले तीन दिनों तक मानसून की रफ्तार धीमी रहने की संभावना है।
रविवार को सरगुजा सहित उत्तरी छत्तीसगढ़ के 10 जिलों और दक्षिण छत्तीसगढ़ के 13 जिलों में बिजली गिरने और मेघगर्जन का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं यूपी में पश्चिमी और तराई हिस्सों में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम के 10 जिलों के लिए आॅरेंज अलर्ट है। तराई और पश्चिम के 20 जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं रविवार को बुंदेलखंड के ललितपुर में सर्वाधिक 132 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का दायरा पूरब और तराई होते हुए अब पश्चिम तक पहुंच चुका है।
मौसम विभाग में सोमवार के लिए प्रदेश के पश्चिमी और तराई हिस्सों के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा जैसे 10 जिलों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 20 अन्य जिलों के लिए गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी हिस्सों में रविवार और सोमवार को थोड़ा थमने के बाद, मंगलवार से समूचे प्रदेश में बारिश फिर से जोर पकड़ेगी।
You may also like
थलापति विजय के जन्मदिन पर रिलीज हुआ 'जन नायगन' का नया पोस्टर, जानें फिल्म की खास बातें!
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में केंद्रीय कृषि इंजीनियरिंग संस्थान का किया दौरा
नेपाल के रास्ते बिना वीजा भारत में प्रवेश कर रहा इराकी नागरिक रक्सौल से गिरफ्तार
रिम्स पार्ट टू झारखंड की जरूर, सवाल उठाना सही नहीं : झामुमो
जनता को असली मुद्दों से भटका रही भाजपा : झामुमो